भोपाल , जनवरी 19 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर जिले में गौर नदी के पास हुई सड़क दुर्घटना में एनएचएआई के सड़क निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये तथा साधारण घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण कार्य में लगी एजेंसी को भी निर्देशित किया है कि वह मृतकों के परिजन को 6-6 लाख रुपये, गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये तथा साधारण घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान करे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित