रायपुर , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन जागरूकता से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। यातायात नियमों के प्रति सजगता ही हमें जनहानि से बचा सकती है।

मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक चालकों के दल के साथ स्कूटी चलाई। इसके अलावा उन्होंने राजधानी रायपुर के पंडरी में आधुनिक लाइसेंस सेंटर कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया और मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत प्रदेश भर में 12 नवीन मार्गों में 12 नई बसों का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है। उन्होंने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, जिससे वाहन दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के लिए कार्यरत राहगीरों, पुलिस मितान, चिकित्सकों, यातायात पुलिस कर्मियों और अन्य लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में किसी माता की कोख सूनी हो जाती है, कई भाई अपनी बहन से हमेशा के लिए बिछड़ जाते हैं और कई बच्चे अनाथ हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए अभिनव पहल करते हुए 4500 पुलिस मितान बनाए हैं। इन पुलिस मितानों को हेलमेट और फर्स्ट ऐड किट भी वितरित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी के खतरे पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि इसलिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने चार-पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने की भी अपील की।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज का कार्यक्रम सिर्फ औपचारिकता नहीं है बल्कि सड़क सुरक्षा का जन आंदोलन बनना चाहिए। सड़क दुर्घटना में तुरंत सहायता करने वाले राहगीरों को 25 हजार की राशि का प्रावधान किया गया है, जबकि दुर्घटना प्रभावितों के इलाज के लिए डेढ़ लाख का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया गया है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह महीना कई माताओं की गोद सूनी होने से बचाने का महीना है। उन्होंने हेलमेट पहनना अनिवार्य करने और वाहन चलाते समय मोबाइल न उपयोग करने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित