सोमेश्वर/अल्मोड़ा , मार्च 18 -- उत्तराखंड की केबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बुधवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के न्याय पंचायत सोमेश्वर में आयोजित ''जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार'' कार्यक्रम के तहत जनता की समस्याएं सुनते हुए 110 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। कार्यक्रम में 600 से अधिक लोगों ने भागीदारी की।
शिविर के दौरान गैस कनेक्शन, सड़क, पेंशन, फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एक राशन दुकान में अनियमित वितरण की शिकायत पर जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। इस दौरान पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई, जबकि जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर भी प्रदान की गई।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार जनहित के कार्यों को सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित