देवरिया , फरवरी 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एस. एन. सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष पर निशाना साधते हुये कहा कि सूबे के एक पूर्व, "लाचार" मुख्यमंत्री इस बात की गिनती कर रहे हैं कि कौन जापान जा रहा है और कौन इजरायल जबकि उन्हे पता होना चाहिये कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास कार्यों के लिए विदेश यात्राएं करते हैं और हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव लेकर आते हैं। श्री सिंह ने एक्स पर लिखा, " प्रदेश में इन दिनों "खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे" की कहावत चरितार्थ हो रही है। सूबे के एक पूर्व, "लाचार" मुख्यमंत्री इस बात की गिनती कर रहे हैं कि कौन जापान जा रहा है और कौन इजरायल। वास्तविकता यह है कि जनता ही जनार्दन होती है और वह जिसको जिस योग्य समझती है, उसे वैसा दायित्व सौंपती है। उत्तर प्रदेश की जनता जनहित को महत्व देती है, न कि झूठ और प्रपंच की राजनीति को।" उन्होने कहा कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास कार्यों के लिए विदेश यात्राएं करते हैं और हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव लेकर आते हैं, तो कुछ लोगों को यह रास नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे पूर्व मुख्यमंत्री विकास की सच्चाई को स्वीकार करने के बजाय अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित