रायपुर , फरवरी 02 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा का कबीरधाम प्रवास जनसेवा, संस्कृति, साहित्य और खेल के क्षेत्र में प्रेरणास्पद संदेशों से भरा रहा। दौरे के दौरान उन्होंने विधायक कार्यालय में आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं, ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पुस्तक का विमोचन किया, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा ग्रामीण अंचलों में आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रमों में सहभागिता की।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधायक कार्यालय कवर्धा में क्षेत्र से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधायक कार्यालय में "द स्टोरी ऑफ किंग भोरमदेव - राजा भोरमदेव की कहानी" पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक के लेखक रामप्रसाद बघेल को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह कृति कबीरधाम जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक राजा भोरमदेव के जीवन के साथ-साथ विज्ञान, प्रकृति और चेतना के संतुलन की गूढ़ दार्शनिक अवधारणाओं को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है, जिससे जिले को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से 16वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कबीरधाम जिले के 13 पैरा खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाकात की। खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर जिले को ओवरऑल चैंपियन बनाया। उपमुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके संघर्ष, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा क्षेत्रों में मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है।

शाम के समय उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम कुटकीपारा एवं ग्राम महराटोला पहुंचे, जहां उन्होंने नवधा रामायण कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की तथा श्रद्धालुओं के बीच बैठकर रामायण पाठ का भावपूर्वक श्रवण किया। उन्होंने कहा कि नवधा रामायण छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जो समाज में सद्भाव, नैतिकता और संस्कारों को सुदृढ़ करती है।

पूरे प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा आयोजकों को कार्यक्रमों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित