बारां , मई 06 -- राजस्थान में बारां- अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा की जनसंवाद यात्रा का बुधवार को तीसरा दिन कवाई क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रभावी रूप से संपन्न हुआ।

विधायक बैरवा ने मुकुंदपुरा, गोरधनपुरा, सालपुरा, अमृतखेड़ी, हनुमंतखेड़ा और पांडु हेली सहित कई गांवों का दौरा किया और देर रात दादा मोतीपुरा पहुंचकर ग्रामीणों, आमजन और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया।

यात्रा के दौरान उन्होंने गांव-गांव में चौक-चौपालों पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा करके तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। कुछ समस्याओं का त्वरित निस्तारण होने से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल नजर आया।

जनसंवाद यात्रा में विधायक के साथ प्रभारी लक्ष्मीनारायण केरवालिया और मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र हाड़ा भी मौजूद रहे। गांवों में पहले से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विधायक के स्वागत के लिए उपस्थित रहे और जगह-जगह उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं खुलकर सामने रखीं।

विधायक बैरवा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि जनसंवाद यात्रा का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित