देहरादून , फरवरी 22 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघ चालक डॉ. मोहन भागवत ने उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन रविवार को निबुवाला में आयोजित प्रमुख जन संवाद में कहा कि जनसंख्या कानून के लिए हमें आने वाले 50 वर्षों को ध्यान में रखकर तैयारी करनी चाहिए। आने वाले समय में कितनी जनसंख्या होगी, कितने संसाधन होंगे, इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने हिंदू धर्म के लोगों के लिए कम से कम तीन बच्चों की जरूरत बताते हुए कहा कि देश में आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में डेमोग्राफिक चेंज पर ध्यान देने की जरूरत है। अब देश में बंटेंगे तो कटेंगे जैसे दिन नहीं आएंगे।
गढ़वाल मंडल के विभिन्न संगठनों के प्रमुख जनों से संवाद में डा भागवत ने आह्वान किया कि संघ से जुड़ें, शाखाओं में आएं। जो दुष्प्रचार संघ को लेकर होता है, यहां आने से वो भ्रम भी दूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रयोग करना चाहिए। लेकिन तकनीकी हावी ना हो ये भी हमें ध्यान रखना है। इसके बारे में बच्चों को समझाएं। उनके साथ समय बिताएं और उन्हें हमारे हिंदू धर्म के बारे में बताएं।
सर संघ चालक ने कहा कि वर्तमान में जो आरक्षण की व्यवस्था है, धीरे धीरे लोगों की समझ उसे लेकर बदलेगी। आने वाले समय में जो लोग संपन्न होंगे, हो सकता है वो खुद ही आरक्षण लेने से मना करें। ऐसे में जिम्मेदारी बढ़ती है कि दोनों पहलुओं को देखें और उसी के अनुसार नीति तय करें।
इस दौरान, प्रान्त प्रचारक शैलेन्द्र सहित विभिन्न संघ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित