पीलीभीत , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश पुलिस के इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम (आईजीआरएस) के अंतर्गत जनशिकायतों के निस्तारण की मासिक रैंकिंग में पीलीभीत जिले को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जनवरी माह में शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर मिली है।

पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस रैंकिंग की विशेष बात यह रही कि जनपद के 17 थानों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। इन थानों ने न केवल शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया, बल्कि उनका विधिक समाधान भी सुनिश्चित किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों में जहानाबाद, दियोरिया कलां, पूरनपुर, न्यूरिया, बीसलपुर, सुनगढ़ी, बरखेड़ा, कोतवाली, माधोटांडा, गजरौला, बिलसंडा, अमरिया, सेहरामऊ उत्तरी, हजारा, करेली, घुंघचाई तथा महिला थाना शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस मुख्यालय द्वारा यह रैंकिंग कुल 11 कड़े मानकों के आधार पर तैयार की गई। इनमें शिकायतों के निस्तारण में लगने वाला औसत समय, डिफॉल्टर संदर्भों की स्थिति, शिकायतकर्ता फीडबैक, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं अन्य उच्चाधिकारियों से प्राप्त संदर्भों पर की गई कार्रवाई, एसपी कार्यालय में संदर्भ फीडिंग, भौतिक सत्यापन, फील्ड विजिट रिपोर्ट तथा यूजर प्रोफाइल अपडेट जैसे बिंदु शामिल रहे।

जिले की इस सफलता के पीछे पुलिस कार्यालय से लेकर सर्किल और थाना स्तर तक ऑनलाइन व ऑफलाइन प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर प्राथमिकता के आधार पर की गई कार्रवाई रही। पुलिस का मुख्य फोकस शिकायतकर्ता को वास्तविक न्याय दिलाने और उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने पर रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित