मुरैना , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पोरसा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) देवेंद्र जैन को गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार चंबल संभाग के प्रभारी आयुक्त ने एक समाचार के आधार पर कराई गई जांच में यह कार्रवाई की है। जांच में पाया गया कि महालक्ष्मी इंडस्ट्रीज नामक फर्म, जो देवेंद्र जैन की पत्नी कीर्ति गोयल जैन के नाम से पंजीकृत है, जनपद पंचायत पोरसा के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामग्री आपूर्ति कर रही थी।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में उक्त फर्म को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर कई ग्राम पंचायतों में वेंडर के रूप में पंजीकृत किया गया था। इन पंचायतों द्वारा फर्म से सामग्री खरीद कर करीब 14.92 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
हालांकि देवेंद्र जैन ने अपने प्रतिवेदन में कहा कि उनकी पत्नी स्वतंत्र रूप से व्यापार करती हैं और उनका इस कार्य में कोई हस्तक्षेप नहीं है, लेकिन जांच में यह तथ्य सामने आया कि इस संबंध में उन्होंने कार्यालय को पूर्व सूचना नहीं दी थी।
जांच में हितों के टकराव की स्थिति पाई गई, क्योंकि उनके पदस्थ रहने के दौरान ही संबंधित फर्म को पंचायतों में सामग्री आपूर्ति का कार्य और भुगतान मिला।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुरैना द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के प्रतिवेदन पर संभागायुक्त ने यह कार्रवाई की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए देवेंद्र जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित