मुंबई , दिसंबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) मीडिया सेल प्रमुख नवनाथ बन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि जनता यह नहीं भूली कि अल्पसंख्यक वोटों के लिए शिवसेना (यूबीटी) ने हिंदुत्व से समझौता किया है।
श्री बन ने कहा, "इसलिए विधानसभा और नगर परिषद चुनावों के बाद आगामी नगर निगम चुनावों में भी वे पछतावे के दौर से गुजरेंगे।"भाजपा राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री बन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से मुंबई और पूरे राज्य में किये गये विकास कार्यों के कारण मुम्बईकर आगामी नगर निगम चुनावों में यूबीटी और राज ठाकरे की ओर से बनाये गये भ्रम के बुलबुले को फोड़ देंगे।
श्री बन ने यूबीटी नेता संजय राउत की कड़ी आलोचना करते हुए उन पर अवसरवादी और गंदी राजनीति में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा, "स्वयं पर लगे आरोपों पर चुप रहते हैं, मगर भाजपा के खिलाफ बेसिर-पैर के आरोप जोर-शोर से लगाते हैं।"श्री बन ने कहा कि राउत को अब यूबीटी के गठबंधन सहयोगियों को धोखा देने, जनता को लूटने, अपने ही भाई को पार्टी से निकालने, साधु-संतों की हत्या, खिचड़ी घोटाला, पात्र चॉल घोटाला (जिसने कथित तौर पर मराठी लोगों को बर्बाद किया) और कोविड काल के दौरान धन के दुरुपयोग जैसे इतिहास पर बात करनी चाहिए।
श्री बन ने श्री राउत का मजाक उड़ाते हुए कहा कि उन्हें यह भी स्वीकार करना चाहिए कि भाजपा ने मुंबई के मेट्रो नेटवर्क, कोस्टल रोड, अटल सेतु और कई अन्य संरचनात्मक कार्यों जैसे विकास परियोजनाओं को पूरा किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित