रांची , फरवरी 02 -- झारखंड की राजधानी रांची का पूर्व मेयर रमा खलखो ने घोषणा की कि वह आगामी नगर निगम चुनाव में मेयर पद का चुनाव लड़ेंगी।
श्रीमती खलखो ने कहा कि वह शहर की जनता से पुनः आशीर्वाद और समर्थन की आकांक्षा रखती हैं। उन्होंने जानकारी दी कि वह कल दिनांक 3 फरवरी को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
श्रीमती खलखो ने अपने पूर्व कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2008 में जनता के सहयोग और आशीर्वाद से वह मेयर चुनी गई थीं और उस दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ नगर निगम के माध्यम से जनहित में कार्य किया। उन्होंने कहा कि जनता ने उनके कार्यों को देखा और महसूस किया है।
श्रीमती खलखो ने कहा कि यदि जनता का समर्थन पुनः मिला तो उनकी पहली प्राथमिकता नगर निगम को सुदृढ़ बनाना तथा नगर निगम के माध्यम से आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और प्रभावी सुविधाएँ उपलब्ध कराना होगा। शहर के विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर वह विशेष रूप से ध्यान देंगी। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर विकास, अनुभव और सेवा के आधार पर उन्हें अपना समर्थन और आशीर्वाद देगी।
प्रेस वार्ता में मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, महानगर अध्यक्ष कुमार राजा प्रदेश के ओबीसी अध्यक्ष अभिलाष साहू सहबाज अहमद, बेलस तिर्की, दीपू, मीनू सिंह भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित