पटना, जनवरी 22 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री तथा राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को विभाग के कॉल सेंटर की अक्षमता से संबंधित शिकायतों पर चिंता जाहिर की और कहा कि आम जनता की सुविधा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए स्थापित कॉल सेंटर की तरफ से की गई किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्री सिन्हा ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कॉल सेन्टर की कार्यप्रणाली से सम्बंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार दोपहर को विभागीय कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्वयं कई शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर उनकी बातें सुनीं और समस्याओं को समझने की कोशिश की ।

उपमुख्यमंत्री ने इसके बाद कड़े शब्दों में कहा कि कॉल सेंटर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। उन्होंने स्वयं भी कई बार कॉल कर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई है।

श्री सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के क्रम में कॉल सेन्टर के सीसीटीवी फुटेज और कॉल से संबंधित डेटा की मांग की गई है, जिसकी गहन जांच कराई जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई गई, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी सेवाओं में जवाबदेही और संवेदनशीलता सर्वोपरि है, और इसमें किसी तरह की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कार्यदिवस में सुबह 9.30 बजे से शाम छह बजे तक विभाग से संबंधित सेवा ले सकता है। यहां शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। यह व्यवस्था जन शिकायत पोर्टल से जुड़ा हुआ है। यहां दर्ज की गई शिकायत जन शिकायत पोर्टल पर स्वतः चली जाती है।

इस अवसर पर चकबंदी निदेशालय के निदेशक राकेश कुमार एवं विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित