लखनऊ , फरवरी 11 -- आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को "जनता की उम्मीदों के साथ विश्वासघात" करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर कोई ठोस समाधान प्रस्तुत नहीं करता, बल्कि केवल आंकड़ों की बाज़ीगरी तक सीमित है।

संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग बेरोजगारी से जूझ रहा है। शिक्षित नौजवानों को स्थायी रोजगार नहीं मिल पा रहा, लेकिन बजट में नई नौकरियों के सृजन का स्पष्ट रोडमैप नहीं दिया गया। "यूपी की जनता को जुमलों का नहीं, काम का बजट चाहिए," उन्होंने कहा।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि आय दोगुनी करने के दावे के बावजूद कृषि क्षेत्र के लिए पर्याप्त प्रावधान नहीं किए गए हैं। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, एमएसपी की कानूनी गारंटी और सिंचाई सुविधाओं पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है।

स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि सरकारी अस्पतालों की स्थिति खराब है और स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, लेकिन बजट में इन बुनियादी क्षेत्रों को सशक्त बनाने की ठोस योजना नजर नहीं आती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित