ग्रेटर नोएडा , मार्च 23 -- ेश की आगामी जनगणना-2027 को सफल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में जिले के लिए नामित बहत्तर फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
सोमवार को आयोजित बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा सूची तथा कार्य की जानकारी साझा की गई, उन्होंने बताया इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों को आधुनिक तकनीक और प्रक्रियाओं से पूरी तरह दक्ष बनाना है, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण अवधारणाओं, कार्यप्रणाली, नियमों और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही उन्हें डिजिटल टूल्स के उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रतिभागियों को जनगणना में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल पर प्रायोगिक अभ्यास (हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग) भी कराया जा रहा है, जिससे वे तकनीकी रूप से पूरी तरह सक्षम हो सकें।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स अप्रैल माह में जिले की विभिन्न तहसीलों, नगर निकायों और औद्योगिक प्राधिकरणों में कार्यरत प्रगणकों जनगणना अधिकारी और पर्यवेक्षकों (पर्यवेक्षक) को प्रशिक्षण देंगे। इससे जनगणना प्रक्रिया को जमीनी स्तर तक मजबूत और प्रभावी बनाया जाएगा।
जनगणना-2027 को दो प्रमुख चरणों में आयोजित किया जाएगा,प्रथम चरण, मकान सूचीकरण 22 मई से 20 जून 2026, इस दौरान मकानों की गिनती और उनकी स्थिति का विवरण दर्ज किया जाएगा।
द्वितीय चरण, जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक इसमें प्रत्येक व्यक्ति का विस्तृत जनसांख्यिकीय डेटा एकत्र किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में शशांक शर्मा और भूपिंदर सिंह प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। वहीं, जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश की ओर से नामित जिला प्रभारी प्रदीप कुमार और उत्कर्ष पांडेय भी प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय से अरविंद शर्मा प्रशासनिक अधिकारी के रूप में व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित