जालौन , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार ने जनगणना की आगामी प्रक्रिया को लेकर बताया कि अब आमजन के लिए स्व-गणना की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि नागरिकों को निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन कर परिवार के मुखिया के नाम व मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण करना होगा। इसके बाद भाषा चयन, ओटीपी सत्यापन और लोकेशन की पहचान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। चयनित भाषा और मूल जानकारी बाद में बदली नहीं जा सकेगी, इसलिए सावधानी जरूरी है।
पोर्टल पर उपलब्ध मैप के जरिए अपने घर की सटीक लोकेशन दर्ज करने के बाद प्रश्नावली भरनी होगी। सबमिशन से पहले प्रीव्यू के माध्यम से त्रुटियां सुधारने का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित