नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने जनकपुरी में गड्ढे में गिरकर जान गंवाने वाले युवक कमल ध्यानी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि सरकारी लापरवाही, भ्रष्टाचार तथा लालच का परिणाम है।

श्री यादव ने कहा "कमल की मौत से उसका परिवार पूरी तरह टूट गया है। सरकार की गैर-जिम्मेदारी के कारण एक मेहनतकश युवक की जान चली गई। दिल्ली सरकार मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे, क्योंकि कमल की आय से ही परिवार की आजीविका चलती थी।"उन्होंने कहा कि आज पूरी दिल्ली गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और रोज़ाना लाखों लोग जान जोखिम में डालकर सड़कों पर सफर करते हैं। अगर भ्रष्टाचार और लापरवाही में लिप्त विभागों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे रुकने वाले नहीं हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केवल छोटे ठेकेदार पर कार्रवाई कर दिल्ली जल बोर्ड और सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। कांग्रेस ने उपराज्यपाल से मांग की है कि इस मामले की जांच दिल्ली उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जाए, ताकि दोषियों की पहचान हो सके। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दुर्घटना स्थल को घंटों तक ट्रेस न कर पाना गंभीर लापरवाही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित