पटना , मार्च 25 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने की वजह से अपनी ही पार्टी के सांसद गिरिधारी यादव पर कार्रवाई के लिए लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस दिया है।

जदयू संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामैत ने कहा कि बांका से उनकी पार्टी के सांसद गिरधारी यादव विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त थे और जदयू के पास इस बात के प्रमाण हैं कि उन्होंने विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अपने पुत्र के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि जदयू से मिले निर्देश आधार पर उन्होंने श्री यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस दिया है।

केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह ने आज कहा कि पार्टी के संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामैत ने लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस देकर बांका से चुने गये सांसद श्री यादव पर कार्रवाई की मांग की है।

श्री सिंह ने आरोप लगाया कि श्री यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर खड़े अपने बेटे के पक्ष में प्रचार किया था। उन्होंने कहा कि "इससे संबंधित सभी साक्ष्य मिले हैं और जदयू संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामैत ने उनकी सदस्यता समाप्त करने के लिए अध्यक्ष महोदय को आवेदन दिया है।"दूसरी तरफ जदयू सांसद गिरिधारी यादव ने कहा कि उनका बेटा स्वतंत्र और बालिग़ है। उन्होंने कहा कि वह मेरे अधीन नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नही थे और उन पर जो भी आरोप लगाये गये हैं, उनका वह जवाब देंगे।

श्री यादव ने कहा कि जब स्पीकर मुझसे सवाल करेंगे तो मैं सभी सवालों का जवाब दूंगा। मुझे नहीं पता कि दिलेश्वर कामत ने क्या कहा है। उन्होंने कहा कि मेरे नाम पार्टी विरोधी किसी भी गतिविधि में शामिल होने का कोई रिकॉर्ड नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित