जगदलपुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत जगदलपुर स्थित ऐतिहासिक गंगामुंडा तालाब के विकास तथा सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए भूमिपूजन सोमवार को विश्वकर्मा मंदिर के समीप किया गया।

इस अवसर पर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव तथा महापौर संजय पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। यह परियोजना कुल तीन करोड़ 45 लाख 96 हजार रुपये की लागत की है, जिसके तहत तालाब परिसर में पाथवे निर्माण, डामरीकरण तथा टो वॉल निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इनमें लगभग एक करोड़ 97 लाख 84 हजार रुपये की लागत से पाथवे एवं डामरीकरण तथा 1 करोड़ 48 लाख 12 हजार रुपये की लागत से टो वॉल निर्माण किया जाएगा।

करीब 175 एकड़ क्षेत्र में फैला गंगामुंडा तालाब जगदलपुर की सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान माना जाता है। नगर निगम द्वारा समय-समय पर इसके संरक्षण एवं सफाई कार्य किए जाते रहे हैं। विशेषकर छठ पर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्य उपासना के लिए पहुंचते हैं, जिससे इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि गंगामुंडा तालाब केवल जलाशय नहीं, बल्कि जगदलपुर की आत्मा और सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी तालाब के गहरीकरण, पगडंडी को सीसी रोड में परिवर्तित करने, पेड़-पौधों के रोपण एवं टो वॉल निर्माण जैसे कार्य कराए गए थे। उन्होंने कहा कि अब इन कार्यों को आगे बढ़ाते हुए तालाब का पूर्ण सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम इस तालाब को शहर का सबसे स्वच्छ और सुंदर जलाशय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तालाब के चारों ओर पाथवे निर्माण, स्ट्रीट लाइटिंग, लाइटिंग व्यवस्था तथा अवैध निर्माणों पर रोक लगाई जाएगी। साथ ही गंदे पानी के प्रवाह को पूरी तरह रोका जाएगा और वर्षा जल से इसे भरा जाएगा। भविष्य में यहां वाटर एडवेंचर और मोटर बोट जैसी सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है।

कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज ने किया।

इस अवसर पर नगर निगम के अनेक सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी तथा भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित