जगदलपुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में निर्माण श्रमिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ते हुए उनका सम्मान किया गया और पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि वितरित की गई।

श्रम विभाग से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद महेश कश्यप और नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों ने श्रमिकों को देश के विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि श्रमिक केवल मजदूर नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण के आधार हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों से अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने का आह्वान किया ताकि वे 31 विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान मंच से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए, जिससे श्रमिकों के चेहरे पर संतोष और खुशी झलकती नजर आई। सम्मेलन की विशेषता मौके पर ही समस्याओं के समाधान और पंजीकरण की व्यवस्था रही। श्रम विभाग द्वारा लगाए गए विशेष शिविरों में नए श्रमिकों का तत्काल पंजीयन किया गया।

श्रम पदाधिकारी भूपेंद्र नायक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ऐसे श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ना है जो अब तक जागरूकता के अभाव में वंचित थे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित