जगदलपुर , दिसंबर 18 -- छत्तीसगढ में जगदलपुर के भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम तारागांव में गुरुवार तड़के एक दर्शनार्थी बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए।
यह बस दुर्ग से तिरुपति दर्शन के लिए जा रही थी और सुबह लगभग पांच से छह बजे के बीच हादसे का शिकार हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में करीब 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना में राजनांदगांव निवासी तामेश्वर साहू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। अन्य घायलों में कुछ को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं।
भानपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित