जगदलपुर , दिसंबर 21 -- पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जंगल, पहाड़ और नदियों को पार कर के अत्यंत दूरस्थ और दुर्गम गांवों पहुंचीं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार,स्वास्थ्य टीमों ने जिला मुख्यालय से 110 किलोमीटर दूर बड़े कोट और 100 किलोमीटर दूर छोटे कोट जैसे गांवों तक पहुंच बनाई, जहां मात्र दो-दो बच्चे थे। इसके बावजूद टीमें इन गांवों तक पहुंचीं और बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। कई स्थानों पर वाहन से आगे रास्ता नहीं होने के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को पैदल यात्रा करनी पड़ी। जिले में कुल 236 गांवों के लिए 210 पोलियो बूथ बनाए गए, जिनके माध्यम से पांच वर्ष से कम आयु के 5,272 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एन. बनपुरिया ने कहा कि इस बार अभियान में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है। पहले जिन अंदरूनी इलाकों में जाने के लिए सुरक्षा बलों की आवश्यकता होती थी, वहां इस बार स्वास्थ्य टीमें बिना सुरक्षा के पहुँचीं। सड़क संपर्क में सुधार और हालात बेहतर होने से अभियान को गति मिली और अब तक 94 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित