जगदलपुर , फरवरी 22 -- राष्ट्रीय राजमार्ग 63 पर जगदलपुर-बीजापुर मार्ग के डीलमिली गांव के पास आज एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एक तेज रफ्तार ट्रक के अनियंत्रित होने के कारण हुआ, जिसमें टिप्पर और कार क्षतिग्रस्त हुआ है।

पुलिस से आज (रविवार) मिली जानकारी के अनुसार, एसटीसी कंपनी का एक ट्रक बीजापुर में कैटरिंग का काम निपटाकर जगदलपुर लौट रहा था। इसी दौरान थाना कोड़ेनार क्षेत्र के अंतर्गत डीलमिली गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर को जोरदार टक्कर मारी, फिर वहां खड़ी एक कार को रगड़ता हुआ सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

थाना प्रभारी कोड़ेनार अमित पद्मशाली ने वार्ता को बताया कि ट्रक में करीब छह से सात लोग सवार थे। इस हादसे में ट्रक में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान परपा,जगदलपुर निवासी के रूप में हुई है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरीपाल भेज दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार में बैठा व्यक्ति चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गया, हालांकि उसकी कार को ट्रक के रगड़ने से काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित