जगदलपुर , मार्च 02 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस ने 23 जनवरी को जगदलपुर स्थित दन्तेश्वरी मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी के गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र एवं सोने के हार का एक टुकड़ा बरामद किया है। आरोपी मंदिर में चोरी करने के बाद ओडिशा भाग गया था। सीसीटीवी कैमरों में आरोपी का फुटेज कैद हुआ था।

पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर से पीतल की मूर्ति, चांदी की चैन, सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र और सोने का हार चोरी किया गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित धोत्रे के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। मंदिर एवं शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर संदिग्ध की पहचान की गई थी।

सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान मोनू यादव, पिता मंगल यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी शांतिनगर फ्रेजरपुर जगदलपुर, स्थायी पता ग्राम मंगनार थाना करपावंड जिला बस्तर के रूप में हुई। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे मार्केल नगरनार क्षेत्र से हिरासत में लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित