चंडीगढ़ , दिसंबर 20 -- हरियाणा सरकार 23 दिसंबर को कैथल जिले के गांव चुहार माजरा में जगतगुरु स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती जी की जयंती राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से चलरही हैं और विभिन्न विभागों द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने विधायक सतपाल जांबा, उपायुक्त अपराजिता, पुलिस अधीक्षक उपासना तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खंगवाल के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिये।

इसके पश्चात स्वामी ब्रह्मानंद मंदिर में प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी प्रवेश द्वार, बैठने की समुचित व्यवस्था, मुख्य मंच, संतों व आध्यात्मिक नेताओं के लिए अलग मंच तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच की योजना तय की गई। इसके अलावा आम जनता के लिए पृथक क्षेत्र, प्रेस गैलरी, पीने के पानी, प्रकाश व्यवस्था और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।

सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित