सीहोर , दिसंबर 29 -- जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित दहोटा घाट के जंगल में आज नर्मदापुरम के प्रतिष्ठित व्यापारी विवेक शर्मा उर्फ अविनाश शर्मा (39) का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में संदिग्ध हालत में मिले शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस इसे सामान्य मौत न मानते हुए हत्या की आशंका के साथ जांच कर रही है।
पुलिस एवं परिजनों के अनुसार विवेक शर्मा शुक्रवार को मंडीदीप से अपनी कार से नर्मदापुरम के लिए रवाना हुए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों ने लगातार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद मंडीदीप थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
आज सुबह कुछ ग्रामीणों ने दहोटा घाट के घने जंगल में एक शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिनेश सिंह चौहान ने शव की शिनाख्त कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए बुधनी अस्पताल भेजा गया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि मामला अत्यंत संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात यह संकेत दे रहे हैं कि यह सामान्य मृत्यु का मामला नहीं है। पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों, मृतक की कॉल डिटेल्स और आवागमन के संभावित मार्गों की गहनता से जांच की जा रही है।
इधर नर्मदापुरम में विवेक शर्मा की मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। व्यापारिक समाज में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने इसे पूर्व नियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित