धमतरी, दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला टाइगर रिजर्व क्षेत्र के गाताबहार गांव से सामने आया है, जहां दो वर्षीय मासूम को जंगली जानवर ने अपना शिकार बना लिया। मासूम की क्षत-विक्षत शव गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में बरामद किया गया है।
वन विभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) वरुण जैन ने बुधवार को बताया कि, शनिवार को गाताबहार गांव में घर के आंगन में खेलते समय दो वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा काफी देर तक तलाश किए जाने के बाद उसका शव जंगल क्षेत्र में मिला। शव के आसपास जंगली जानवर के पैरों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हमले की आशंका और प्रबल हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वन मंडल द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। लगातार हो रहे जंगली जानवरों के हमलों ने वनांचल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित