एमसीबी , मार्च 19 -- छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गवा के अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटेसाल्ही में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की कवायद तेज हो गई है। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम छोटेसाल्ही स्थित पंचायत भवन के पास निर्मित पेयजल परिसंपत्ति के हस्तांतरण से पहले आवश्यक मरम्मत कार्य को गति दी गई है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीणों तक शुद्ध एवं निर्बाध पेयजल पहुंचाना है।

जिला जन संपर्क अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता आकाश पोद्दार के निर्देशन में यह कार्य सुनियोजित ढंग से किया जा रहा है। सहायक अभियंता ए.एस. सिदार और उप अभियंता मनमोहन सिंह की टीम पूरे कार्य की बारीकी से निगरानी कर रही है। उनके मार्गदर्शन में मरम्मत कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे परियोजना को समय पर पूरा करने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए जिला परियोजना समन्वयक (सीडीएटी) टीम के रितेश डिक्सेना भी लगातार सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उनकी देखरेख में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और तय मानकों का पालन हो।

प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि इस परिसंपत्ति के हस्तांतरण के बाद ग्राम छोटेसाल्ही के प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। यह पहल न केवल ग्रामीणों को पेयजल सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी मददगार साबित होगी। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस पेयजल व्यवस्था को औपचारिक रूप से ग्रामीणों को समर्पित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित