पटना , अप्रैल 13 -- राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तथा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सोमवार को बताया कि उनकी पार्टी के सहयोगी संगठन छात्र राष्ट्रीय जनता दल का नाम अब 'सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया' होगा।

श्री यादव ने आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र राष्ट्रीय जनता दल का नाम बदलकर सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुराने संगठन को अब भंग कर दिया गया है और उसके स्थान पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय तथा लिंगदोह कमिटी के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए छात्रों के इस नए संगठन का गठन किया गया है।

राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस नए संगठन के गठन का उद्देश्य शिक्षा, समानता और सशक्तिकरण की दिशा में महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में काम करना है। उन्होंने कहा कि यह संगठन ये संगठन देशभर में छात्रों के हितों के लिए काम करेगा।

श्री यादव ने वर्तमान में बिहार की चल रही राजनीतिक हलचलों और नये मुख्यमंत्री के चेहरे पर कहा कि इसका जवाब सिर्फ दो व्यक्तियों के पास है और फैसला भी उन्हीं को लेना है। उन्होंने कहा कि बिहार में राजग का बहुमत एक चुराया हुआ जनादेश है और अब प्रदेश की जनता के बदले गुजरात के लोग बिहार का मुख्यमंत्री चुनेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश जी को सत्ता से बेदखल किया जा रहा है और बिहार का शासन गुजरात के लोग चलाएंगे। उन्होंने कि चुनाव के पहले ही यह स्पस्ट था कि भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गद्दी से उतर देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित