कर्णप्रयाग/चमोली , मई 06 -- उत्तराखंड में चमोली जिले के कर्णप्रयाग में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छात्रों तक चरस पहुंचाने वाले नेटवर्क के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बलवीर सिंह उर्फ बल्ली को कर्णप्रयाग पुलिस ने घेस-देवाल मार्ग से दबोचा।
पुलिस के अनुसार पिछले सात 03 अक्टूबर को कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने अजय सिंह पिमोली नामक युवक को 520 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि आरोपी बीटेक का छात्र है और श्रीनगर कॉलेज के छात्रों तक नशा पहुंचाने का काम कर रहा था। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर मामले की गहन जांच शुरू की गई। बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल की जांच में पता चला कि बलवीर सिंह उर्फ बल्ली ही इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी है, जो युवाओं और छात्रों तक नशा पहुंचाने की साजिश चला रहा था।
पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था। आज पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी बलवीर सिंह उर्फ बल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित