देहरादून , जनवरी 22 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड अंतर्गत स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) बीना में कार्यरत प्रवक्ता प्रभाकर थपलियाल गुरुवार छात्रों को पढ़ाते समय मस्तिष्काघात (ब्रेन स्ट्रोक) के कारण गंभीर रूप से अस्वस्थ हो गए। उनकी नाजुक स्थिति देखते हुए उन्हें हेली एम्बुलेंस से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह कॉलेज में कार्य के दौरान प्रवक्ता प्रभाकर थपलियाल को ब्रेन स्ट्रोक आ गया, जिसके चलते उनका स्वास्थ्य तेजी से बिगड़ने लगा। कॉलेज प्रशासन एवं सहकर्मियों द्वारा स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना विलंब किए श्री थपलियाल को तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार प्रारंभ किया गया, किंतु उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही।
इसी दौरान घटना की सूचना जिलाधिकारी प्रतीक जैन को प्राप्त हुई। उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता एवं त्वरित निर्णय का परिचय देते हुए तत्काल एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था के निर्देश दिए। जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप कुछ ही समय में एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके पश्चात श्री थपलियाल को एयर लिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उन्नत उपचार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित