बैतूल , दिसंबर 16 -- मुलताई के ताप्ती मेले में एक छात्रा की ईमानदारी ने समाज के सामने सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। मेले में खोया हुआ पर्स मिलने पर पी.एम. श्री कन्या शाला स्कूल की छात्रा जिया कौसर ने उसे बिना देर किए पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सत्यापन के बाद पर्स उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार डहुआ निवासी रवि उइके का पर्स मेले की भीड़ में झूले के पास गिर गया था। कुछ समय बाद यह पर्स छात्रा जिया कौसर को मिला, जिसमें पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दो एटीएम कार्ड, चांदी की चेन और नगद राशि रखी हुई थी। जिया ने इस संबंध में अपने पिता मोहम्मद अफसर को जानकारी दी, जिन्होंने पर्स थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार को सौंप दिया।
इधर पर्स गुम होने की शिकायत लेकर थाने पहुंचे रवि उइके के दस्तावेजों का मिलान कर पुलिस ने पर्स उन्हें लौटा दिया। पर्स वापस मिलने पर रवि उइके ने पुलिस और सहयोग करने वालों का आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी ने छात्रा जिया कौसर की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित