भरतपुर , फरवरी 10 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना में देवनारायण राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक आवासीय विद्यालय के छात्रावास में पांच और छात्राओं की तबीयत बिगड़ जाने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
छात्रावास सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को सांस लेने में तकलीफ, घबराहट, बेचैनी और पेट दर्द की शिकायत के बाद पाँच छात्राओं को बयाना उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से एक छात्रा की स्थिति गम्भीर होने पर उसे भरतपुर के जिला आरबीएम अस्पताल भेजा गया है।
सू्त्रों ने बताया कि पिछले तीन दिनों में 10 से अधिक से छात्राएं अब तक इस बीमारी का शिकार हो चुकी हैं। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार लक्ष्मी (16), रामा (14), मंजू (15), मनीषा (13) और इशू (15) में बीमारी के समान लक्षण पाए गए। लक्ष्मी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति स्थिर बतायी गयी है।
चिकित्सकों का दल बीमार छात्राओं की हालत की लगातार निगरानी कर रहा है। प्रारंभिक जांच में पीने के पानी में संक्रमण की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखण्ड अधिकारी दीपक मित्तल ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। विद्यालय और छात्रावास में पानी एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित