धार , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में शासकीय बालक आदिवासी छात्रावास में चौकीदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रावास के एक पूर्व छात्र ने देर रात परिसर में घुसकर चौकीदार की बेल्ट से पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के मांडव रोड स्थित शासकीय बालक आदिवासी आवासीय छात्रावास में यह घटना हुई। अर्जुन कॉलोनी निवासी अंकित पिता महेंद्र कटारे पहले इसी छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था, लेकिन खराब व्यवहार के कारण उसे पहले ही छात्रावास से निष्कासित कर दिया गया था।
बताया गया कि नौ मार्च की रात अंकित का छात्रावास के एक छात्र से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते वह देर रात छात्रावास की दीवार कूदकर परिसर में पहुंच गया और छात्र से मारपीट करने की कोशिश करने लगा। इस दौरान वहां तैनात चौकीदार धर्मेंद्र पटेल ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि रोकने पर अंकित ने चौकीदार के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए अपनी बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में चौकीदार की पीठ पर चोट के निशान आए हैं।
घटना के दौरान छात्रावास में मौजूद कुछ छात्रों ने आरोपी के फोटो भी ले लिए, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। पीड़ित चौकीदार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि चौकीदार का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर उसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित