छत्रपति संभाजीनगर , जनवरी 16 -- महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में एक गृहिणी का शव कुएं में मिलने से तनाव फैल गया।

मृतका की पहचान सुनीता अन्ना भुकाडे (31) के रूप में हुई है, जो फुलंब्री तालुका के वेने गांव की निवासी थी। वह मूल रूप से सिल्लोड तालुका के मोढा खुर्द गांव की रहने वाली थी और करीब 12 साल पहले वेने गांव के अन्ना भुकाडे के साथ उसकी शादी हुई थी। दंपति के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने महिला के पति सहित छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, सुनीता घर से बाहर निकली थी, लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो शाम को तलाश शुरू की गई। बाद में उसका शव गांव के पास स्थित एक कुएं में मिला। शव मिलने के बाद वेने पुलिस ने उसे फुलंब्री ग्रामीण अस्पताल पहुँचाया।

मृतका के मायके वालों ने हालांकि आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसे पीटा और जानबूझकर कुएं में धकेल दिया। शुरुआत में मायके वालों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में कैमरे की निगरानी में पोस्टमार्टम की अनुमति दे दी। जिसके बाद छत्रपति संभाजीनगर के घाटी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव को वापस फुलंब्री थाने में लाया गया, लेकिन मायके वालों की नाराजगी और तीव्र हो गयी। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर लगभग साढ़े चार घंटे तक थाने के बाहर धरना देते रहे। स्थिति को बिगड़ते देख मौके पर दंगा नियंत्रण बल के जवानों को तैनात करना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित