जशपुर , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस ने धान खरीदी के सीजन में अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के मामले में कार्रवाई करते हुए 342 क्विंटल धान को जब्त कर लिया हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोदाम और बागबहार थाना क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक, पिकअप और ट्रैक्टर से कुल 580 बोरियों में भरा 342 क्विंटल संदिग्ध धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग सात लाख 86 हजार 600 रुपये आंकी गई है। सभी वाहनों को धान सहित आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 दिसंबर की रात थाना लोदाम पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आबकारी बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रक क्रमांक सीजी-14-एमडी-5550 को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में 440 बोरियों में लगभग 300 क्विंटल धान लोड पाया गया। चालक एकुल अंसारी, निवासी रांची (झारखंड) से धान के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित