रायपुर, फरवरी 07 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में मतदाता नाम विलोपन के वास्ते प्रयुक्त फार्म-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
श्री बैज शनिवार को कहा कि वर्तमान में चल रही प्रक्रिया के अंतर्गत कई जिलों में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाकर फार्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसके तहत पात्र और वास्तविक मतदाताओं के नाम बिना उनकी जानकारी या सहमति के मतदाता सूची से हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री बैज ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बड़ी संख्या में फार्म-7 के प्रिंट करवाकर अनाधिकृत व्यक्तियों के माध्यम से आपत्तियां दर्ज करवाई जा रही हैं, जो कानूनन अनुचित है। उनके अनुसार, अधिकांश मामलों में शिकायतकर्ता का अस्तित्व ही नहीं है और जहां है, वहां शिकायतें गलत पाई गई हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से ऐसी सभी शिकायतों को तुरंत रद्द करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इस दुरुपयोग से ग्रामीण, आदिवासी, प्रवासी मजदूर, वृद्ध एवं अशिक्षित मतदाता सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि संबंधित मतदाताओं को अक्सर पूर्व सूचना या अपना पक्ष रखने का अवसर ही नहीं मिल रहा। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा उचित सत्यापन के बिना फार्म-7 स्वीकार किए जाने की भी शिकायत दर्ज कराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित