रायपुर, 26 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक के सैकड़ों पद रिक्त होने का मामला गुरुवार को विधानसभा में उठा।
प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों में कुल 481 संकाय पद वर्तमान में खाली हैं।
विधायक इंद्र कुमार साहू द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि प्रदेश में सहायक प्राध्यापक के कुल 673 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 361 पद रिक्त हैं। इसी प्रकार प्राध्यापक के 224 स्वीकृत पदों में से 120 पद अभी खाली हैं।
सदन में यह भी जानकारी दी गई कि वर्ष 2015 से 2025 के बीच लोक सेवा आयोग के माध्यम से सहायक प्राध्यापकों की भर्ती की गई है। इस अवधि में नियुक्त किए गए चिकित्सकों में से 155 सहायक प्राध्यापकों ने अपनी परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है।
विधायक द्वारा विषयवार, विभागवार और महाविद्यालयवार रिक्त पदों की जानकारी भी मांगी गई थी, जिस पर मंत्री ने सदन को आवश्यक विवरण उपलब्ध कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित