मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर , जनवरी 21 -- छत्तीसगढ़ में एमसीबी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 23 जनवरी को ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों एवं शासन के निर्देशों के अनुपालन में किया जा रहा है।
जिला पीआरओ से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रामसभा में शासन द्वारा निर्धारित 15 प्रमुख विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। इनमें पिछली बैठक के संकल्पों के क्रियान्वयन की समीक्षा, पंचायतों के आय-व्यय का अनुमोदन, पिछले वर्ष के कार्यों की अद्यतन स्थिति का सार्वजनिक वाचन, समर्थ पंचायत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर संग्रहण प्रक्रिया और संपत्ति कर दर निर्धारण जैसे मुद्दे शामिल हैं।
साथ ही, ग्रामसभा में आवारा मवेशी प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, अविवादित भूमि नामांतरण, पंचायत उन्नति सूचकांक में सुधार, स्वच्छता शुल्क संग्रहण, शौचालय विहीन परिवारों की पहचान और मुक्तिधामों की व्यवस्था जैसे स्थानीय महत्व के विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके अलावा, ग्रामीण रोजगार गारंटी मिशन, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, तथा जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन जैसी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित