रायपुर , नवंबर 19 -- छत्तीसगढ़ राज्य के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 के तारतम्य में राज्य शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला एवं राज्य स्तर पर युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन से पूर्व शुक्रवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जानकारी देते हुए बताया कि युवा महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन प्रदेश के सभी जिलों में 24 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच संपन्न हुआ, जिसमें 14 विभिन्न विधाओं में चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव प्रतियोगिता में भाग लिया।
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 23 से 25 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ की न्यायधानी एवं मां महामाया की नगरी बिलासपुर में किया जाएगा। आयोजन का मुख्य केंद्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई, बिलासपुर रहेगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में 14 विधाओं की प्रतियोगिताओं के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
युवा महोत्सव में कुल 14 विधाएं शामिल हैं, जिनमें आठ दलीय और छह एकल विधाएं हैं। दलीय विधाओं में लोक नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोक गीत, रॉक बैंड एवं एकांकी शामिल हैं, जबकि एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) एवं पारंपरिक वेशभूषा को शामिल किया गया है।
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दलीय विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर क्रमशः 20 हजार, 15 हजार एवं 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं एकल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए क्रमशः पांच हजार, तीन हजार एवं दो हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक प्रतिभागी को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की पांच विधाओं-लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला एवं कविता लेखन - के विजेता प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा उत्सव 2028, राष्ट्रीय राजधानी में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
राज्य युवा महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा। 23 दिसंबर को उद्घाटन समारोह के अवसर पर सायं पांच बजे से आठ बजे तक राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में आरूग बैंड (श्री अनुज शर्मा) की प्रस्तुति तथा नारायणपुर के प्रसिद्ध मल्लखंब कलाकारों का प्रदर्शन होगा। इसी दिन रात में पुलिस ग्राउंड बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर के विख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास एवं टीम द्वारा कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित