दुर्ग , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती के चर्चित मामले में दुर्ग पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी। पुलिस की यह कार्रवाई बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया में की गई, जहां से अफीम डोडा और नकद राशि बरामद की है।
ग्रामीण सहायक पुलिस आयुक्त (एएसपी) मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, थाना पुलगांव क्षेत्र की चौकी जेवरा-सिरसा में मादक औषधि और मनोप्रभावी पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी विकास बिश्नोई से पूछताछ में अवैध अफीम की खेती से तैयार डोडा को खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर बेचने की जानकारी मिली थी।
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने रविवार को बेमेतरा-सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में स्थित श्री रामदेव होटल और एक हाईवे ढाबे पर दबिश दी। इस दौरान राजस्थान निवासी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (50) को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), 1 लाख 29 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी सुनील देवासी (28) को भी हिरासत में लिया गया। उसके पास से अफीम डोडा को चुक्की में बदलने के लिए इस्तेमाल होने वाली मिक्सी (जार सहित) और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध अफीम खेती से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है। मामले में आगे भी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित