कवर्धा , मार्च 02 -- छत्तीसगढ के कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित लूट गिरोह का पुलिस ने सोमवार को भंडाफोड़ करते हुए नाबालिग सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगदी, वारदात में प्रयुक्त औजार तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

गिरोह अपने आप को 'छल्ला' नाम से पहचान देता था और सभी सदस्य स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था। आरोपी मुख्य रूप से अंधेरे और सुनसान मार्गों पर राहगीरों एवं छोटे व्यापारियों को निशाना बनाते थे। विरोध करने पर पीड़ितों को डराने-धमकाने के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं। कुछ मामलों में गंभीर चोट पहुंचाने की बात भी जांच में उजागर हुई है।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष निगरानी शुरू की। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर अन्य घटनाओं का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित