अंबिकापुर/दंतेवाड़ा , दिसंबर 28 -- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं के कथित विवादित बयानों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने अंबिकापुर और दंतेवाड़ा दोनों जिलों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया। अंबिकापुर के घड़ी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर नारेबाजी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव का पुतला दहन किया गया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संतों और सनातन संस्कृति को लेकर दिए गए बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

अंबिकापुर में प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो नेताओं ने कहा कि साधु-संत और सनातन परंपराएं भारतीय समाज की आधारशिला हैं, जिनका अपमान स्वीकार्य नहीं है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि ऐसे बयानों पर कांग्रेस नेतृत्व स्पष्ट रुख अपनाए और सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दे। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

इसी कड़ी में दंतेवाड़ा में भी भाजयुमो द्वारा प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत पुतला दहन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर सनातन विरोधी रुख अपनाने के आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं और पार्टी को इस विषय पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम, साधु-संत और सनातन परंपरा के प्रति आस्था रखने वाले समाज को किसी भी प्रकार के अपमान के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठानी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित