बलरामपुर-रामानुजगंज , मार्च 15 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए स्पष्ट किया कि सप्लाई को लेकर कहीं कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने बताया कि ईरान से गैस सिलेंडर लेकर दो जहाज रवाना हो चुके हैं, जिससे प्रदेश में एलपीजी की कोई कमी नहीं आएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने अल्प प्रवास पर बलरामपुर जिले के दौरे पर थे। यहां उन्होंने जिला भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के परिवार में हुई एक मृत्यु पर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान जहां एक ओर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और कृषि मंत्री राम विचार नेताम मौजूद रहे, वहीं सरगुजा रेंज के आला अधिकारियों समेत जिले के कलेक्टर और एसपी भी उपस्थित थे।

इसी मौके पर जब मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री ने अमेरिका-ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है। मुख्यमंत्री ने पुष्टि करते हुए कहा कि ईरान से गैस सिलेंडर लेकर दो जहाज रवाना हो चुके हैं। उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का काम हमेशा से लोगों को गुमराह करना रहा है और वह इस काम को बखूबी अंजाम देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष भ्रामक प्रचार करके माहौल खराब करने का काम कर रहा है, जबकि सरकार पूरी तरह से स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित