रायपुर , फरवरी 02 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को राज्य सरकार पर धान की खरीद में गंभीर लापरवाही बरतने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाया।
श्री बैज ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सरकार पर धान की खरीद को लेकर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि सरकार ने षड्यंत्रपूर्वक लक्ष्य से कम धान खरीदा है। इस साल धान खरीद का लक्ष्य 165 लाख टन था लेकिन मात्र 139.85 लाख टन ही खरीदा गया, जो लक्ष्य से करीब 25 लाख टन कम है। पिछले साल की तुलना में भी खरीद लगभग 9.15 लाख टन कम हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष बैज ने आरोप लगाया कि 27 लाख पंजीकृत किसानों में से लगभग 2.5 लाख किसान अपना धान नहीं बेच पाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने मात्र 53 दिन ही खरीद की और 31 जनवरी को समयसीमा समाप्त कर दी, जबकि अंतिम दो दिनों में भी खरीद नहीं हुई।
श्री बैज ने कहा, "किसानों से बिना सहमति रकबा सरेंडर करवाया गया, पुराने टोकन रद्द किए गए। कई जिलों में किसानों ने आत्महत्या का प्रयास किया। यह सब दिखाता है कि सरकार का लक्ष्य ही कम खरीद करना था।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कम खरीदी करने वाले अधिकारियों को बधाई दी गई, जो सरकार के इरादे साफ करता है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार तत्काल 15 दिनों के लिए अभियान चलाकर शेष किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित