रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज आठवां दिन है। सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें विधायकों द्वारा उठाए गए विभिन्न सवालों पर सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन अपने-अपने विभागों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देंगे।

सत्र के दौरान कई विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इसके तहत मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और लक्ष्मी राजवाड़े अपने विभागों के पत्र और प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।

आज की कार्यवाही में जनहित से जुड़े कुछ अहम विषय भी चर्चा में रहेंगे। विधायक कविता प्राण लहरे आयुष्मान कार्ड से संबंधित मुद्दे को उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगी। वहीं रासायनिक अपशिष्ट पदार्थों के प्रबंधन को लेकर विधायक अनुज शर्मा पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी से जवाब मांगेंगे।

इसके अतिरिक्त विधायक लखेश्वर बघेल, राघवेंद्र सिंह और हर्षिता बघेल सदन में विभिन्न याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। दिनभर की कार्यवाही के दौरान मंत्री ओपी चौधरी, रामविचार नेताम और लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बजट सत्र के इस चरण में विभिन्न विभागों के कामकाज, योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित