रायपुर , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायल दल के नेता डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में बुधवार को "सत्यमेव जयते" की तख्ती लेकर प्रदर्शन किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के सभी विधायक मौजूद रहे।
प्रदर्शन का उद्देश्य यंग इंडियन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर अदालत के फैसले के बाद केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाना था।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि मोदी सरकार द्वारा की गई कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित और गैरकानूनी थी। अदालत ने अपने निर्णय में माना है कि यंग इंडियन मामले में ईडी की कार्रवाई क्षेत्राधिकार से बाहर थी और बिना प्राथमिकी के कोई मामला बनता ही नहीं है। कांग्रेस का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से की गई थी, जिसका उद्देश्य मुख्य विपक्षी दल और उसके नेतृत्व को बदनाम करना था।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है लेकिन अब सच्चाई देश के सामने आ चुकी है। नेताओं ने यह भी कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग का कोई मामला नहीं है, न ही किसी प्रकार की अपराध से अर्जित आय या संपत्ति के हस्तांतरण का कोई प्रमाण है। इसके बावजूद झूठे और निराधार आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित