रायपुर , मार्च 10 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन सदन की कार्यवाही मंगलवार को शुरू हो गई। आज के सत्र में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री और विभिन्न विभागों के मंत्री विधायकों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देंगे। इसके साथ ही ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विभागीय अनुदान मांगों तथा अन्य विषयों पर भी सदन में विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्री केदार कश्यप और टंक राम वर्मा विधायकों के प्रश्नों का उत्तर देंगे। वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक द्वारा स्मार्ट सिटी से जुड़े मुद्दों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आय-व्यय से संबंधित विषय पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखेंगे।
सत्र के दौरान सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदन सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू द्वारा याचिकाएं भी पेश की जाएंगी। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा मंत्री दयाल दास बघेल और राजेश अग्रवाल के विभागों से संबंधित अनुदान मांगों पर भी सदन में चर्चा होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित