रायपुर , दिसंबर 14 -- ) छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की अवधि को 19 दिसंबर तक बढ़ाया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह सत्र 17 दिसंबर को समाप्त होने वाला था। विस्तारित अवधि के दौरान सदन में 'वंदे मातरम्' विषय पर चर्चा प्रस्तावित है।
सत्र के पहले दिन रविवार को तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में नक्सली कमांडर हिड़मा के समर्थन में लगाए गए नारों पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने इस संबंध में सदन में प्रस्ताव लाकर ऐसे कृत्यों की निंदा किए जाने की मांग की। साथ ही नक्सली कमांडर हिड़मा और बसवराजू द्वारा किए गए हिंसक कृत्यों का उल्लेख करते हुए नक्सल समर्थकों को बस्तर क्षेत्र का भ्रमण कराने का सुझाव रखा ताकि वे नक्सल हिंसा की वास्तविक स्थिति को समझ सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित