जगदलपुर , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर शहर के इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी एक कार में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्रात:कालीन भ्रमण पर निकले लोगों ने सड़क किनारे खड़ी ब्रेज़ा कार में एक युवक को ड्राइविंग सीट पर बेसुध अवस्था में बैठे देखा। काफी देर तक हलचल न होने पर राहगीरों ने इसकी सूचना तत्काल बोधघाट थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।

बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने शनिवार को बताया कि प्राथमिक विवेचना के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी की मौत हृदयाघात से हुई है।

उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर कार खड़ी थी, वहां के कुछ व्यापारियों ने बीती रात अधिकारी को मोबाइल पर बात करते हुए और शराब का सेवन करते देखा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

मृतक की पहचान वृंदावन कॉलोनी निवासी शोभा राम देहारी (45) के रूप में हुई है। वे छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के कार्यालय में एसडीओ (सब डिविजनल ऑफिसर) के पद पर पदस्थ थे। पुलिस के अनुसार मृतक का गृह ग्राम जिला बालोद में है। परिजन गृहग्राम में ही अंतिम संस्कार करना चाहते हैं, जिसके चलते फिलहाल अधिक पूछताछ संभव नहीं हो सकी है। मामले की विवेचना थाने में तैनात एक पुलिस कर्मी द्वारा की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खुलवाकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित