अंबिकापुर , दिसंबर 30 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम सरगंवा में रैबीज संक्रमित एक बकरे की बलि देकर उसका मांस गांव के लोगों को परोसने का मामला सामने आया है जिससे पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 दिसंबर को गांव में काली पूजा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान पहले से रेबीज संक्रमित बताए जा रहे कुत्ते ने एक बकरे को काट लिया था। आरोप है कि इसके बावजूद सरपंच नारायण प्रसाद और उपसरपंच कृष्णा सिंह ने उसी बकरे की बलि दिलवाई और उसका मांस गांव के लोगों में वितरित कर दिया।

बताया जा रहा है कि गांव के लगभग 400 ग्रामीणों ने इस बकरे के मांस का सेवन किया है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त बकरा गांव के ही निवासी नान्हू रजवाड़े से खरीदा गया था। घटना की जानकारी जब ग्रामीणों को बाद में हुई, तो गांव में हड़कंप मच गया। लोग रैबीज जैसे जानलेवा संक्रमण को लेकर डरे और सहमे हुए हैं। ग्रामीणों में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सेहत को लेकर विशेष चिंता जताई जा रही है।

घटना के बाद गांव में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से तत्काल गांव में मेडिकल शिविर लगाकर सभी लोगों की जांच और आवश्यक उपचार कराने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। वहीं दूसरी ओर आरोप लगने के बाद सरपंच और उपसरपंच इस मामले में कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित